राव बहादुर टीज़र रिलीज, सत्यदेव का रहस्यमयी अवतार चर्चा में

मुंबई। साउथ सुपरस्टार महेश बाबू ने अपनी प्रस्तुति में बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘राव बहादुर’ का नया टीज़र जारी कर दिया है। टीज़र रिलीज होते ही दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ गया है। वेंकटेश महा के निर्देशन में बनी इस मनोवैज्ञानिक ड्रामा फिल्म में अभिनेता सत्यदेव मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।

3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही फिल्म के टीज़र में रहस्य, भ्रम और मानसिक संघर्षों से भरी दुनिया की झलक दिखाई गई है। टीज़र साझा करते हुए महेश बाबू ने लिखा, “याद रखिए… यह सिर्फ एक टीज़र है।” साथ ही उन्होंने फिल्म की पूरी टीम की सराहना भी की।

‘जस्ट अ टीज़र’ नाम से जारी इस वीडियो में सत्यदेव बहादुर राजकुमार के किरदार में दिखाई दे रहे हैं। कहानी एक ऐसे व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती नजर आती है, जो भय, संदेह और भ्रम के जाल में फंसा हुआ है। फिल्म में “शक ही सबसे बड़ा भूत है” जैसी अवधारणा को प्रमुखता से दिखाया गया है, जो इसे एक अलग तरह का मनोवैज्ञानिक रहस्य ड्रामा बनाती है।

टीज़र में भव्य दृश्य, शाही परिवेश और सत्यदेव का बदला हुआ अंदाज दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। फिल्म का पहला गीत ‘ओ सुंदरी’ भी पहले ही दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो चुका है। सत्यदेव और दीपा थॉमस पर फिल्माया गया यह गीत अपनी मधुर धुन और पीरियड पृष्ठभूमि के लिए सराहा गया है।

फिल्म की कहानी, निर्देशन और संपादन की जिम्मेदारी वेंकटेश महा ने संभाली है। वहीं कार्तिक परमार ने छायांकन और स्मरण साई ने संगीत दिया है। रहस्य, भावनाओं और भव्यता के मिश्रण के साथ ‘राव बहादुर’ इस वर्ष की चर्चित तेलुगु फिल्मों में शामिल हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *