Homeझारखंडसफाईकर्मियों को सरकार के तय मानक के अनुसार मिले वेतन: सरयू राय

सफाईकर्मियों को सरकार के तय मानक के अनुसार मिले वेतन: सरयू राय

पूर्वी सिंहभूम। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने शहर की सफाई व्यवस्था और सफाईकर्मियों के वेतन भुगतान को लेकर झारखंड सरकार व संबंधित निकायों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। बुधवार को सोनारी के कुंज नगर क्षेत्र का औचक निरीक्षण करने पहुंचे विधायक ने अपने प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा के साथ व्यवस्था का जायजा लिया और सफाईकर्मियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

निरीक्षण के दौरान यह बड़ी लापरवाही सामने आई कि जहां 50 सफाईकर्मियों की तैनाती होनी चाहिए थी, वहां मौके पर केवल 32 कर्मचारी ही कार्यरत मिले। सरयू राय ने कहा कि निर्धारित संख्या से कम कर्मियों के कारण पूरे क्षेत्र की साफ-सफाई प्रभावित हो रही है। इस दौरान सफाईकर्मियों ने विधायक को दर्द बयां करते हुए बताया कि उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित मानक के अनुरूप पूरा वेतन नहीं मिल रहा है। साथ ही उनके वेतन से पीएफ (PF) और ईएसआई (ESI) के नाम पर कितनी राशि काटी जा रही है, इसकी भी कोई लिखित जानकारी उन्हें नहीं दी जाती।

इस गंभीर शिकायत पर विधायक सरयू राय ने तुरंत जेएनएसी (JNAC) के अधिकारियों से फोन पर बात कर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को पीएफ और ईएसआई कटौती का पूरा विवरण उपलब्ध कराने तथा सभी पात्र सफाईकर्मियों को ईएसआई योजना से जोड़ने का कड़ा निर्देश दिया। उन्होंने याद दिलाया कि 1 अप्रैल 2026 की अधिसूचना के अनुसार अकुशल श्रमिकों को प्रतिदिन 491 रुपये का अनिवार्य भुगतान होना चाहिए। उन्होंने जेएनएसी से सफाईकर्मियों की संख्या पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और कहा कि जल्द ही वे कदमा और मानगो का भी दौरा कर ठेका प्रणाली की समीक्षा करेंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments