रांची। सिल्ली के लुपुंग महावीर चौक स्थित सिल्ली सार्वजनिक दुर्गा मंदिर में महीने भर चलने वाले सावन उत्सव का शुभारंभ गुरुवार शाम को हुआ। दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष की पत्नी नीलम भगत ने फीता काटकर उत्सव की शुरुआत की। इसके बाद विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का आह्वान कर पूजा-अर्चना की गई।
उद्घाटन के साथ ही धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत भी हुई। आयोजन समिति ने बताया कि उत्सव के दौरान शिव गुरु चर्चा और महाआरती का आयोजन किया जाएगा।
हर सोमवार होगी शिव गुरु चर्चा
आयोजन समिति की दीपा बड़ाइक ने बताया कि सावन के प्रत्येक सोमवार को शाम 4 बजे से 6:30 बजे तक शिव गुरु चर्चा का आयोजन किया जाएगा। वहीं सावन उत्सव के अंतिम सोमवार, 24 अगस्त को शाम 6 बजे से देर रात 11 बजे तक भव्य जगराता आयोजित होगा।
उद्घाटन कार्यक्रम में अनिल साव, दिवाकर प्रसाद, कुंदन साव, रमेश बड़ाइक, महावीर बड़ाइक सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से सावन उत्सव में शामिल होकर धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की है।


