Homeराष्ट्रीयसुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूरे, आज प्रदेशभर में लगेंगे विशेष...

सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूरे, आज प्रदेशभर में लगेंगे विशेष स्वास्थ्य शिविर

भोपाल : प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मंगलवार को मध्य प्रदेश के सभी जिलों में विशेष मातृत्व स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क जांच, परामर्श और उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

गर्भवती महिलाओं को मिलेंगी विशेष स्वास्थ्य सेवाएं

राज्य के मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में प्रसवपूर्व एवं प्रसवोत्तर जांच की व्यवस्था की गई है। शिविरों में नई और छूटी हुई गर्भवती महिलाओं का पंजीयन, उच्च जोखिम गर्भावस्था की पहचान, आवश्यक जांच और विशेषज्ञ परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा।

महिलाओं के रक्तचाप, वजन, बीएमआई, हीमोग्लोबिन, ब्लड ग्रुप, शुगर, एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी समेत कई महत्वपूर्ण परीक्षण किए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर सोनोग्राफी और रेफरल सेवाएं भी दी जाएंगी।

उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं पर विशेष फोकस

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अनुसार आशा कार्यकर्ता, एएनएम और स्वास्थ्य अधिकारी उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं तक सेवाएं पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। जरूरतमंद महिलाओं के लिए 108 एम्बुलेंस के माध्यम से निःशुल्क परिवहन सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने गर्भवती महिलाओं से शिविरों का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि समय पर जांच और जोखिम की पहचान से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सकती है।

72 प्रतिशत गर्भवतियों की हुई जांच

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025-26 में पंजीकृत 14.31 लाख गर्भवती महिलाओं में से 10.25 लाख महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच की गई। इनमें 2.94 लाख महिलाओं को हाई रिस्क प्रेग्नेंसी श्रेणी में चिन्हित किया गया, जिनमें से 88 प्रतिशत को आवश्यक उपचार और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments