कुपवाड़ा। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों के एक बड़े ठिकाने का भंडाफोड़ करते हुए उसे ध्वस्त कर दिया। अभियान के दौरान पांच एके-सीरीज राइफल, एक हैंड ग्रेनेड और भारी मात्रा में गोला-बारूद समेत युद्ध में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया गया।
खुफिया सूचना पर चला तलाशी अभियान
अधिकारियों के अनुसार, खुफिया सूचना मिलने के बाद सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने केरन सेक्टर के जंगलों में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान आतंकियों के छिपे हुए ठिकाने का पता चला, जहां से बड़ी मात्रा में हथियार और सैन्य सामग्री बरामद हुई।
पांच एके राइफल और गोला-बारूद मिला
श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने सामाजिक माध्यम ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान पांच एके-सीरीज राइफल, नौ एके मैगजीन, एक हैंड ग्रेनेड, भारी मात्रा में गोला-बारूद तथा युद्ध में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया गया है।
इलाके में तलाशी अभियान जारी
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, बरामदगी के बाद पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान और तेज कर दिया गया है। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से सीमा पार से सक्रिय आतंकी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। फिलहाल पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
