Homeफीचरमनोरंजनमुख्यमंत्री मोहन यादव से मिले 'द नर्मदा स्टोरी' के निर्देशक, बताई फिल्म...

मुख्यमंत्री मोहन यादव से मिले ‘द नर्मदा स्टोरी’ के निर्देशक, बताई फिल्म की खासियत

भोपाल। आगामी हिंदी फिल्म ‘द नर्मदा स्टोरी’ की टीम ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट की। इस दौरान फिल्म के निर्देशक जैग़म इमाम और अभिनेता शरद सिंह मौजूद रहे। मुलाकात में फिल्म की कहानी, निर्माण प्रक्रिया और मध्य प्रदेश से इसके विशेष जुड़ाव पर चर्चा हुई।

निर्देशक जैग़म इमाम ने मुख्यमंत्री को बताया कि फिल्म की पूरी शूटिंग मध्य प्रदेश में की गई है। फिल्म में प्रदेश की संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता और सामाजिक परिवेश को प्रमुखता से दर्शाया गया है। साथ ही स्थानीय कलाकारों को भी महत्वपूर्ण अवसर दिए गए हैं।

फिल्म में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता रघुबीर यादव, मुकेश तिवारी, इश्तियाक़ खान, सदानंद पाटिल और आईपीएस अधिकारी-अभिनेत्री सिमाला प्रसाद प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। रंगमंच और सिनेमा जगत के वरिष्ठ कलाकार आलोक चटर्जी की यह अंतिम फिल्म भी होगी, जिसे उनके योगदान को श्रद्धांजलि के रूप में देखा जा रहा है।

फिल्म की एक विशेषता यह भी है कि इसमें मध्य प्रदेश के शहरों और स्थानों के वास्तविक नामों का उपयोग किया गया है। इसके अलावा पहली बार किसी मुख्यधारा की हिंदी फिल्म में एक आदिवासी महिला पुलिस अधिकारी को केंद्रीय किरदार के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

जैग़म इमाम ने कहा कि मध्य प्रदेश में फिल्मांकन का अनुभव बेहद सुखद रहा। उन्हें विश्वास है कि इस फिल्म के माध्यम से दर्शक प्रदेश की संस्कृति, विविधता और प्राकृतिक सौंदर्य को नए नजरिए से देख पाएंगे।

उन्होंने कहा कि ‘द नर्मदा स्टोरी’ केवल अपराध और रहस्य पर आधारित फिल्म नहीं है, बल्कि महिला पुलिस कर्मियों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को सम्मान देने वाली कहानी भी है।

एबी इन्फोसॉफ्ट क्रिएशन और गोल्डन रेशियो के बैनर तले बनी इस फिल्म में सिमाला प्रसाद, अंजलि पाटिल, अश्विनी कलसेकर, ज़रीना वहाब, रघुबीर यादव, मुकेश तिवारी, शरद सिंह और इश्तियाक़ खान प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म 12 जून को देशभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments