Homeबिहारदुःखद : शादी के अगले ही दिन करंट लगने से दूल्हे की...

दुःखद : शादी के अगले ही दिन करंट लगने से दूल्हे की मौत, पढ़े पूरी खबर…

सीवान : सीवान जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के नगई गांव में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब विवाह के अगले ही दिन एक नवविवाहित युवक की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। दुल्हन के हाथों की मेहंदी का रंग अभी ठीक से उतरा भी नहीं था कि इस हादसे ने पूरे हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया।

मृतक की पहचान नगई गांव निवासी ध्रुप महतो के पुत्र गुड्डू महतो के रूप में हुई है। गुड्डू की बारात 14 मई को गई थी और 15 मई को वह अपनी दुल्हन को विदा कराकर घर लौटा था। घर में शादी के बाद की रस्में और मेहमानों की चहल-पहल जारी थी।

शुक्रवार की शाम को शादी से जुड़ी ‘ककन छुड़ाने’ की रस्म पूरी होने के बाद परिवार के सभी लोग खाना खाकर आराम करने चले गए थे। इसी बीच देर रात घर की बिजली अचानक खराब हो गई। बिजली चालू करने के लिए गुड्डू खुद तार की जांच करने लगा, तभी वह अचानक हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया। करंट का जोरदार झटका लगने के कारण वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिवार के लोग उसे तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर भागे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की खबर मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया। नवविवाहिता पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है और वह बार-बार बेसुध हो रही है। जिस आंगन में कुछ घंटों पहले तक शहनाइयां गूंज रही थीं और हंसी-मजाक का माहौल था, वहां अब सिर्फ चीखें और मातमी सन्नाटा है। इस दर्दनाक हादसे से पूरा गांव स्तब्ध और सदमे में है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments