Homeअन्तर्राष्ट्रीयचित्रकूट दर्शन के लिए जा रहे तीन दोस्तों की सड़क हादसे में...

चित्रकूट दर्शन के लिए जा रहे तीन दोस्तों की सड़क हादसे में मौत, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर अज्ञात वाहन से टकराई बाइक

बांदा। अमावस्या पर चित्रकूट दर्शन के लिए जा रहे तीन दोस्तों की बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। रविवार देर रात बिसंडा थाना क्षेत्र में उनकी बाइक अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 12 बजे तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर चित्रकूट जा रहे थे। इसी दौरान बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर उनकी बाइक किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस और एक्सप्रेसवे एंबुलेंस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदौसा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की हुई पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान संजय (30), रामबाबू पटेल (35) और अरविंद रैकवार (35) निवासी ग्राम कोर्रही, थाना बिसंडा, जनपद बांदा के रूप में हुई है। बताया गया कि तीनों आपस में घनिष्ठ मित्र थे और सोमवती अमावस्या पर चित्रकूट दर्शन के लिए निकले थे।

पुलिस ने शुरू की जांच

क्षेत्राधिकारी यातायात सौरभ सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे का एक कारण प्रतीत हो रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बाइक किस वाहन से टकराई थी।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

परिवारों में पसरा मातम

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक का माहौल है और पूरे क्षेत्र में इस हादसे को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments