Homeअन्तर्राष्ट्रीयजनता दर्शन में बोले सीएम योगी, जरूरतमंदों के साथ हर कदम पर...

जनता दर्शन में बोले सीएम योगी, जरूरतमंदों के साथ हर कदम पर खड़ी है सरकार

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में आए लोगों को भरोसा दिलाया कि आर्थिक सहायता, इलाज और आवास जैसी हर जरूरत में सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है, सरकार उसकी हर संभव मदद करेगी।

गोरखपुर प्रवास के दौरान सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने एक-एक फरियादी के पास जाकर आवेदन पत्र देखे और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

इलाज की चिंता छोड़िए, सरकार करेगी मदद

जनता दर्शन में इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार उनके उपचार में पूरी मदद करेगी। उन्होंने कहा कि पहले मरीज का आयुष्मान कार्ड बनवाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र और जरूरतमंद लोगों का आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें इलाज के लिए आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

आवास और अन्य समस्याओं के समाधान का भरोसा

आवास की मांग लेकर पहुंचे लोगों से मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लगातार प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पात्र लोगों को आवास उपलब्ध करा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

जनता दर्शन में शिक्षा, चिकित्सा, बिजली, राजस्व, पुलिस और अन्य विभागों से जुड़े मामलों को भी मुख्यमंत्री ने गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।

लेटलतीफी पर अधिकारियों को लगाई फटकार

कुछ फरियादियों ने पुलिस और राजस्व विभाग से जुड़े मामलों में देरी की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान संतोषजनक, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से होना चाहिए।

गोसेवा के साथ शुरू हुई दिनचर्या

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या परंपरागत रही। सुबह गुरु गोरखनाथ और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ को नमन करने के बाद उन्होंने मंदिर की गोशाला में जाकर गोसेवा की और गोवंश को अपने हाथों से गुड़-रोटी खिलाई।

मंदिर परिसर में भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से भी मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट दी, उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और उन्हें आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments