HomeBreaking Newsट्रैक्टर ने सो रहे सात लोगों को कुचला, चालक फरार

ट्रैक्टर ने सो रहे सात लोगों को कुचला, चालक फरार

सारण।

सारण जिले के मशरक नगर पंचायत के तख्त दलित टोला में रविवार रात करीब 1:30 बजे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सड़क किनारे सो रहे लोगों को रौंद दिया। हादसे में 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज छपरा सदर अस्पताल में चल रहा है। ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक दलित टोला का ट्रांसफार्मर कई दिनों से जला हुआ है। भीषण गर्मी और उमस से परेशान होकर एक दर्जन से ज्यादा लोग घर के बाहर नाले के ऊपर बने पक्के हिस्से पर सो गए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सोए लोगों पर चढ़ गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के वक्त उसी रास्ते से गुजर रहे नगर पंचायत चेयरमैन सोहन महतो ने ग्रामीणों के साथ मिलकर घायलों को फौरन सीएचसी मशरक पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी की नाजुक हालत देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया।
सोमवार दोपहर तक मिली जानकारी के अनुसार सदर अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है। 2 की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि 5 की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।
मशरक थाना पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। चालक की पहचान के लिए सीसीटीवी और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments