WhatsApp Update: अब बिना नंबर शेयर किए होगी चैट, ऐसे रिजर्व करें अपना यूनिक यूजरनेम

हैदराबाद। इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप व्हाट्सएप (WhatsApp) ने प्राइवेसी को अगले लेवल पर ले जाते हुए एक क्रांतिकारी फीचर रोलआउट कर दिया है। अब यूजर्स को किसी से भी चैट करने के लिए अपना पर्सनल मोबाइल नंबर देने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि वे ‘यूजरनेम’ (Username) के जरिए कनेक्ट हो सकेंगे। कंपनी ने इस फीचर के बड़े पैमाने पर लॉन्च होने से पहले ‘यूजरनेम रिजर्वेशन’ शुरू कर दिया है, ताकि यूजर्स समय रहते अपना पसंदीदा और यूनिक हैंडल क्लेम कर सकें।

3 अरब यूजर्स के बीच पसंदीदा नाम पाने का मौका

व्हाट्सएप की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने सोमवार को एक ऑफिशियल ब्लॉग पोस्ट के जरिए इस बड़े प्राइवेसी-फोकस्ड बदलाव की घोषणा की। दुनिया भर में व्हाट्सएप के तीन अरब से ज्यादा यूजर्स हैं, इसलिए कंपनी ने पहले ही रिजर्वेशन प्रोसेस शुरू कर दिया है ताकि लोगों को अपनी पसंद का यूजरनेम मिलने में दिक्कत न हो। हालांकि, यह फीचर पूरी तरह से ऑप्शनल (वैकिल्पक) होगा। यदि आप यूजरनेम सेट करते हैं, तो किसी अनजान व्यक्ति को पहली बार मैसेज भेजते समय आपका फोन नंबर छिप जाएगा और केवल यूजरनेम दिखाई देगा।

भारत में एंड्रॉयड यूजर्स के लिए रिजर्वेशन शुरू, जानिए कैसे करें क्लेम

यह फीचर फिलहाल धीरे-धीरे रोलआउट किया जा रहा है। भारत में अभी यह iOS (आईफोन) यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं है, लेकिन एंड्रॉयड (Android) यूजर्स व्हाट्सएप के लेटेस्ट वर्जन में जाकर अपना यूजरनेम रिजर्व कर सकते हैं। इसके लिए आपको इन आसान स्टेप्स को फॉलो करना होगा:

  • अपने फोन में WhatsApp ओपन करें और Settings में जाएं।
  • इसके बाद Account विकल्प पर क्लिक करें और फिर Username में जाएं।
  • यहाँ आप अपना पसंदीदा यूजरनेम डालकर चेक कर सकते हैं कि वह उपलब्ध (Available) है या नहीं।

कंपनी के अनुसार, जैसे ही यह फीचर पूरी तरह एक्टिव होगा, यूजर्स को इन-ऐप नोटिफिकेशन भी मिल जाएगा। अगर आपका पसंदीदा यूजरनेम पहले ही किसी और ने ले लिया है, तो व्हाट्सएप का इन-बिल्ट यूजरनेम जनरेटर आपको दूसरे यूनिक नाम सजेस्ट करेगा।

स्पैम और अनचाहे कॉल्स पर लगेगा पूरी तरह लगाम

फेसबुक, इंस्टाग्राम या एक्स (ट्विटर) जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से अलग, व्हाट्सएप का कहना है कि वह कोई पब्लिक ‘यूजरनेम डायरेक्टरी’ या सर्च लिस्ट नहीं लाएगा। इसका मतलब है कि कोई भी अनजान व्यक्ति व्हाट्सएप पर आपका यूजरनेम सर्च करके आपको ढूंढ नहीं पाएगा। लोग आपसे तभी संपर्क कर सकेंगे, जब उन्हें पहले से ही आपका सटीक यूजरनेम पता होगा। व्हाट्सएप का मानना है कि इस कदम से स्पैम मैसेज, फ्रॉड और अनचाही कॉल्स में भारी कमी आएगी और यूजर्स का अपनी प्राइवेसी पर पूरा कंट्रोल होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *