90 साल की बुजुर्ग सास को बहू ने जूते-झाड़ू से पीटा, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने दबोचा

खड़गपुर। पश्चिम बंगाल के खड़गपुर से एक बेहद शर्मनाक और मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक कलयुगी बहू द्वारा अपनी 90 वर्षीय वृद्ध सास की बेरहमी से पिटाई करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद जहां पूरे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया, वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बहू को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

झाड़ू और जूते से बुजुर्ग महिला पर ढहाया कहर

यह पूरी घटना खड़गपुर के वार्ड संख्या 19 के अंतर्गत आने वाले खरिदा बाजार इलाके की है। आरोप है कि घर के भीतर एक मामूली बात को लेकर बड़ी बहू ने अपनी ही 90 साल की असहाय और वृद्ध सास पर हमला कर दिया। महिला ने मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए बुजुर्ग महिला को जूते और झाड़ू से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। जब घर की दूसरी बहू ने इस क्रूरता का विरोध किया और बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी महिला ने उसके साथ भी हाथापाई और मारपीट की।

देवरानी ने छिपकर बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा

बड़ी जेठानी के इस अमानवीय व्यवहार को बेनकाब करने के लिए छोटी बहू ने छिपकर इस पूरी घटना का अपने मोबाइल से वीडियो बना लिया। इसके बाद उसने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा (Share) कर दिया। वीडियो देखते ही देखते इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें बुजुर्ग महिला की बेबसी और चीखें साफ सुनी जा सकती थीं।

घर के बाहर भारी हंगामा, महिला थाना पुलिस का तुरंत एक्शन

मंगलवार की शाम जैसे ही यह वीडियो स्थानीय लोगों और पड़ोसियों के मोबाइल तक पहुंचा, इलाके में तनाव फैल गया। गुस्साई भीड़ ने एकजुट होकर आरोपी महिला के घर का घेराव कर दिया और उसके खिलाफ जमकर नारेबाजी व विरोध प्रदर्शन किया।

हंगामे और वीडियो वायरल होने की भनक लगते ही खड़गपुर महिला थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को शांत कराया और त्वरित कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी बहू को उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया। खड़गपुर पुलिस ने इस संबंध में घरेलू हिंसा और बुजुर्ग उत्पीड़न की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है। इस अमानवीय कृत्य की पूरे खड़गपुर शहर में तीखी निंदा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *