Homeराष्ट्रीयकोलकाता हवाई अड्डे पर 21 घंटे बाद विमान सेवाएं फिर से शुरू

कोलकाता हवाई अड्डे पर 21 घंटे बाद विमान सेवाएं फिर से शुरू

कोलकाता : बंगाल की खाड़ी में उत्पन्न हुए चक्रवाती तूफान ‘रेमल’ के मद्देनजर कोलकाता हवाई अड्डे पर 21 घंटे तक विमानों की आवाजाही रद्द रहने के बाद सोमवार को फिर से उड़ान सेवाएं शुरू की गईं लेकिन स्थिति सामान्य होने में कुछ और समय लगेगा। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह 8:59 बजे इंडिगो के कोलकाता-पोर्ट ब्लेयर विमान ने यहां उड़ान भरी जबकि कोलकाता में उतरने वाला पहला विमान गुवाहाटी से यहां पहुंचा स्पाइसजेट का विमान था। यह सुबह 09:50 बजे हवाई अड्डे पर उतरा था। अधिकारी ने बताया कि कुछ अन्य उड़ानों के लिए चेक-इन जारी है। कोलकाता हवाई अड्डे से रविवार को दोपहर 12:16 बजे आखिरी विमान ने उड़ान भरी थी। कोलकाता समेत पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्से में रविवार आधी रात के आसपास आए चक्रवात के कारण भारी बारिश हुई। कोलकाता हवाईअड्डे के अधिकारियों ने चक्रवात रेमल के संभावित प्रभाव को देखते हुए रविवार दोपहर से 21 घंटे के लिए विमान संचालन को रद्द कर दिया था। राजेश कुमार ने बताया कि शनिवार को यहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (एनएससीबीआई) के अधिकारियों की एक बैठक के बाद ये एहतियाती कदम उठाया गया था।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments