सीवान : जिले के उत्तरप्रदेश सीमा से सटे मैरवा-सलेमपुर मुख्य मार्ग पर धरनी छापर गांव के समीप गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गुटखा लदा एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया, जिसके बाद उसका टायर तेज धमाके के साथ फट गया और देखते ही देखते ट्रक आग के गोले में तब्दील हो गया। इस हादसे में ट्रक पर लदा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार ट्रक चालक नशे की हालत में था और वाहन पर उसका नियंत्रण नहीं था। लोगों का यह भी कहना है कि ट्रक उत्तरप्रदेश क्षेत्र में किसी अन्य दुर्घटना के बाद भाग रहा था और मैरवा क्षेत्र में प्रवेश करते ही अनियंत्रित होकर पलट गया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन मौके पर सहायता पहुंचने में काफी देर हुई। इससे नाराज लोगों ने प्रशासन के प्रति आक्रोश जताया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर दमकल पहुंचती, तो लाखों का सामान बचाया जा सकता था।
टायर ब्लास्ट के बाद लगी आग इतनी भयावह थी कि काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देता रहा, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घंटों तक मुख्य मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जब तक दमकल की टीम पहुंची और आग पर काबू पाया, तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर कंकाल में तब्दील हो चुका था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी है।
