गरीब बाप पर टूटा दुखों का पहाड़ : बेटी की शादी के लिए जुटाए गहने और नगदी जलकर खाक… पढ़े पूरी खबर

अररिया : फारबिसगंज के वार्ड संख्या 18 दल्लू टोला में बीती देर रात शॉर्ट सर्किट के कारण हुए आगजनी में सुरेश कामत का घर जलकर राख हो गया।

आगजनी में लाखों रूपये मूल्य के संपत्ति जलकर भस्म हो गया।जिसमें बेटी की शादी के लिए किस्त के रूप में उठाए एक लाख 60 हजार रूपये नगद, स्वर्णाभूषण,कपड़े और एलआईसी के बॉन्ड पेपर समेत अन्य समान जल गए।आग पर स्थानीय लोगों के कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया गया।

पीड़ित गृहस्वामी सुरेश कामत ने रुंधे गले से बताया कि देर रात अचानक बिजली के तारों से उठी चिंगारी ने विकराल रूप ले लिया। जब तक शोर सुनकर आस-पड़ोस के लोग मदद के लिए दौड़ते, आग की लपटों ने पूरे घर को अपनी आगोश में ले लिया था। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक घर का सारा सामान और महत्वपूर्ण कागजात राख के ढेर में तब्दील हो चुके थे।

सुरेश कामत की तीन पुत्रियां और एक पुत्र है। बड़ी बेटी की शादी की तैयारी चल रही थी और उसकी शादी के लिए समानों की खरीददारी की गई थी।

आगजनी के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मोहताज है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा और सहायता प्रदान की जाए ताकि वे अपने जीवन को दोबारा पटरी पर ला सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *