Homeक्राइममौत का तांडव : प्रयागराज में एक ही परिवार के तीन लोगों...

मौत का तांडव : प्रयागराज में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या, गांव में सनसनी

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के मेजा थाना क्षेत्र स्थित कुकरकटवा गांव में सोमवार रात एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह घर के बाहर तीनों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।

घर के बाहर मिले तीनों के शव

पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि कुकरकटवा गांव निवासी श्याम लाल गुप्ता (60), अमरावती देवी (40) और इंद्रावती देवी (42) के शव मंगलवार सुबह घर के बाहर रक्तरंजित अवस्था में पाए गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सिर पर गंभीर चोट के निशान

प्रारंभिक जांच में तीनों के सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि किसी भारी वस्तु से हमला कर उनकी हत्या की गई है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और फोरेंसिक टीम भी जांच में लगी हुई है।

हत्या के खुलासे के लिए कई टीमें गठित

डीसीपी विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि मामले के शीघ्र खुलासे के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

परिवार के सदस्य रहते हैं बाहर

पुलिस के अनुसार, परिवार के अधिकांश सदस्य रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने घर के बाहर शव पड़े देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

दोषियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments