निशिकांत दुबे की पहल से खत्म हुई सफाई कर्मियों की हड़ताल, जल्द सामान्य होगी व्यवस्था

देवघर। पिछले छह दिनों से ठप पड़ी देवघर नगर निगम की सफाई व्यवस्था अब जल्द पटरी पर लौटने वाली है। पीएफ बकाया भुगतान की मांग को लेकर 11 जून से हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों ने सांसद निशिकांत दुबे, जिला प्रशासन और नगर निगम के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त कर दिया है। इसके साथ ही शहर में जमा कचरे की सफाई का काम फिर से शुरू होने जा रहा है।

पीएफ भुगतान के आश्वासन पर बनी सहमति

सफाई कर्मियों के नेता संजय मंडल ने बताया कि कर्मचारियों को भविष्य निधि (पीएफ) की बकाया राशि जल्द भुगतान करने का भरोसा दिया गया है। हड़ताल के कारण बाबा बैद्यनाथ धाम क्षेत्र सहित शहर के कई हिस्सों में कचरे का अंबार लग गया था, जिससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही थी। सांसद निशिकांत दुबे ने कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी मांगों के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया।

एक-दो दिन में पूरी होगी सफाई

सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि देवघर उनकी कर्मभूमि है और यहां के लोगों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने सफाई कर्मियों के कल्याण कोष के लिए प्रतिवर्ष 25 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। वहीं, मेयर रवि राउत ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि शहर की स्वच्छता सामूहिक जिम्मेदारी है। सफाई कर्मियों के अनुसार सभी कर्मचारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में लौट रहे हैं और अगले एक-दो दिनों में शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह सामान्य कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *