स्वच्छता और हरियाली में झारखंड का परचम, राष्ट्रीय रैंकिंग में राहे स्कूल देश में अव्वल

रांची। स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग (SHVR) 2025-26 में झारखंड ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रांची जिले के राहे स्थित झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय ने 99.20 अंक प्राप्त कर पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया है। शिक्षा मंत्रालय की ओर से जारी रैंकिंग में राज्य के तीन सरकारी विद्यालयों को ‘सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट’ के लिए चुना गया है।

तीन विद्यालयों को राष्ट्रीय सम्मान

राष्ट्रीय सूची में हजारीबाग का बिहार बालिका उच्च विद्यालय 21वें स्थान पर रहा, जबकि लातेहार जिले का यूपीजी एमएस तुरिसोत भी सम्मानित विद्यालयों में शामिल हुआ। चयनित प्रत्येक विद्यालय को ‘सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट’ के साथ एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही संबंधित प्रधानाध्यापकों और प्राचार्यों को देश के उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थानों के अध्ययन दौरे का अवसर मिलेगा।

स्वच्छता और हरित पहल का मिला परिणाम

विद्यालयों का मूल्यांकन स्वच्छ पेयजल, शौचालय, हाथ धोने की सुविधा, जल संरक्षण, ऊर्जा बचत, कचरा प्रबंधन और हरित परिसर जैसे मानकों पर किया गया। राहे विद्यालय की प्राचार्य बिमला कुमारी ने इस उपलब्धि का श्रेय छात्राओं, बाल संसद और विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों को दिया। जिला शिक्षा पदाधिकारी बादल राज ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान देने का सकारात्मक परिणाम अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *