मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ युवाओं की दौड़, मंत्री सुदिव्य कुमार ने दिखाई मैराथन को हरी झंडी

रांची। पर्यटन, कला-संस्कृति, खेल-कूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि मैराथन दौड़ में शामिल युवाओं का हर कदम झारखंड को मादक पदार्थों के दुरुपयोग से बचाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का लक्ष्य झारखंड को नशामुक्त बनाना है और युवाओं ने इस संकल्प को पूरा करने के लिए कदम से कदम मिलाकर चलने का प्रण लिया है।

बापू वाटिका से अल्बर्ट एक्का चौक तक हुई मैराथन

रांची। पर्यटन, कला-संस्कृति, खेल-कूद एवं युवा कार्य विभाग की ओर से मादक पदार्थों के सेवन के विरुद्ध जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से बापू वाटिका, मोरहाबादी मैदान से अल्बर्ट एक्का चौक तक मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया।

इस मैराथन में रांची के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों के विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में युवाओं और गणमान्य लोगों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने झारखंड को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार ने उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने और मादक पदार्थों के सेवन का विरोध करने की शपथ दिलाई।

झारखंड को सशक्त बनाने का संकल्प

मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि युवाओं ने केवल नशामुक्त झारखंड का संकल्प नहीं लिया है, बल्कि राज्य को बेहतर, स्वस्थ और सशक्त बनाने का भी प्रण लिया है। उन्होंने कहा कि युवाओं के उत्साह से स्पष्ट है कि झारखंड को समृद्ध और मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

साइकिल प्रतियोगिता के विजेता

पुरुष वर्ग

  • प्रथम : शरद अहीर
  • द्वितीय : सुभास उरांव
  • तृतीय : गुलशन डूंगडूंग

महिला वर्ग

  • प्रथम : पूजा सिंह
  • द्वितीय : निशा कुमारी
  • तृतीय : मंजू कुमारी

मंत्री ने अल्बर्ट एक्का चौक पर आयोजित समारोह में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम स्थल पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। मैराथन में खिलाड़ियों, युवाओं, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों और रांची सहित अन्य जिलों से आए लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *