डूरंड कप 2026 की तैयारियों पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सेना अधिकारियों की मुलाकात

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मेजर जनरल सज्जन सिंह मान (जीओसी, 23 इन्फैंट्री डिविजन) और डूरंड कप के नोडल अधिकारी कर्नल हेमचंद्रा ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान झारखंड में पहली बार आयोजित होने जा रहे प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप 2026 की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई।

पहली बार डूरंड कप की मेजबानी करेगा झारखंड

रांची। सेना अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि देश का ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप 26 जुलाई से शुरू होने की संभावना है। उन्होंने आयोजन की तैयारियों, खिलाड़ियों और टीमों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं तथा विभिन्न विभागों के साथ समन्वय की जानकारी दी।

बैठक में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार भी उपस्थित रहे।

झारखंड के लिए गर्व का अवसर

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि डूरंड कप देश का गौरवशाली और ऐतिहासिक फुटबॉल टूर्नामेंट है। इसकी मेजबानी का अवसर झारखंड को मिलना पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में झारखंड की पहचान लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हो रही है। ऐसे बड़े आयोजनों से राज्य के खिलाड़ियों को नई प्रेरणा और बेहतर अवसर मिलेंगे।

समयबद्ध तरीके से पूरी हों तैयारियां

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि डूरंड कप से जुड़ी सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट में भाग लेने वाले खिलाड़ियों, टीम प्रबंधन और खेल प्रेमियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों के सफल संचालन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *