नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न पी.वी. नरसिम्हा राव की जयंती पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने किया योगदान का स्मरण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पी.वी. नरसिम्हा राव ने देश के इतिहास के महत्वपूर्ण दौर में भारत की प्रगति को नई दिशा दी। उन्होंने एक कुशल प्रशासक, दूरदर्शी नेता और विद्वान के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और विविधता की उनकी गहरी समझ हमेशा प्रेरणादायक रहेगी।
ओम बिरला बोले- नीति निर्माता के रूप में रहेंगे याद
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने एक्स पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव को देश की प्रगति के लिए नीति निर्माता के रूप में सदैव याद किया जाएगा।
राजनाथ सिंह ने बताया दूरदर्शी नेता
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पी.वी. नरसिम्हा राव ने भारत की आर्थिक यात्रा को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाई। देश के विकास में उनका योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा।
खड़गे ने आर्थिक उदारीकरण को बताया ऐतिहासिक कदम
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि नरसिम्हा राव सरकार द्वारा शुरू किए गए आर्थिक उदारीकरण ने देश के विकास को गति दी और मध्यम वर्ग के लिए नए अवसर पैदा किए। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में परमाणु कार्यक्रम को मजबूती मिली और ‘लुक ईस्ट’ नीति जैसी महत्वपूर्ण कूटनीतिक पहल की गई।
जी. किशन रेड्डी ने किया नमन
केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना के गौरव और पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव का देश की प्रगति तथा हैदराबाद मुक्ति संग्राम में योगदान सदैव याद रखा जाएगा।
