Homeराष्ट्रीयराम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: दोषियों को मिले कठोर दंड, व्यवस्था की...

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: दोषियों को मिले कठोर दंड, व्यवस्था की कमियां दूर हों : संघ

नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने अयोध्या के राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की राशि चोरी होने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संघ ने कहा कि इस घटना से करोड़ों रामभक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं और मंदिर प्रबंधन को व्यवस्था संबंधी कमियों को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

श्रद्धालुओं की आस्था बनी रहनी चाहिए : होसबाले

संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने एक वीडियो संदेश में कहा कि दान पात्रों से जमा राशि की चोरी अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास से हिंदू समाज की स्वाभाविक अपेक्षा है कि वह इस घटना को गंभीरता से लेते हुए संचालन और वित्तीय प्रबंधन की सभी कमियों को दूर करे।

होसबाले ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और इसकी पवित्रता, पारदर्शिता तथा विश्वसनीयता हर हाल में बनी रहनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि मंदिर प्रबंधन और शासन द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कानून के अनुसार कठोर दंड दिलाएगा।

धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील

संघ ने हिंदू समाज से भी अपील की कि वह इस घटना को लेकर धैर्य और संयम बनाए रखे। साथ ही ऐसी शक्तियों के प्रयासों को विफल करे जो इस घटना का लाभ उठाकर हिंदू धर्म और समाज को बदनाम करने का प्रयास कर सकती हैं।

होसबाले ने कहा कि राम जन्मभूमि पर बना भव्य मंदिर करोड़ों रामभक्तों के त्याग, समर्पण और लंबे संघर्ष का परिणाम है। इसलिए मंदिर की गरिमा और श्रद्धालुओं का विश्वास बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments