भारत-बांग्लादेश रेल सेवा: मिताली, मैत्री और बंधन एक्सप्रेस फिर दौड़ने की उम्मीद

सिलीगुड़ी। भारत और बांग्लादेश के बीच लंबे समय से बंद यात्री रेल सेवाएं जल्द बहाल होने की उम्मीद बढ़ गई है। दोनों देशों के रेलवे अधिकारियों के बीच जारी बैठकों और बांग्लादेश में भारतीय वीजा केंद्रों के पूरी तरह संचालित होने के बाद मिताली एक्सप्रेस, बंधन एक्सप्रेस और मैत्री एक्सप्रेस के दोबारा शुरू होने की संभावना मजबूत हुई है।

रेलवे तैयारियों का आकलन जारी

सूत्रों के अनुसार, दोनों देशों के रेलवे अधिकारी ट्रेनों के रूट, ट्रैक की स्थिति और अन्य बुनियादी ढांचे की समीक्षा कर रहे हैं। सभी तैयारियां समय पर पूरी होने पर इसी महीने के भीतर सेवाएं बहाल की जा सकती हैं।

उत्तर-पूर्व सीमांत रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि मिताली एक्सप्रेस के संचालन की अभी कोई निश्चित तिथि तय नहीं हुई है। उच्च स्तर के निर्देश पर ट्रैक और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का आकलन कर रिपोर्ट संबंधित विभागों को भेजी जा रही है।

2024 में सुरक्षा कारणों से बंद हुई थीं सेवाएं

जुलाई-अगस्त 2024 में बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता और आंतरिक अशांति के कारण सुरक्षा के मद्देनजर भारत सरकार ने मैत्री, बंधन और मिताली एक्सप्रेस का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया था। हालांकि, दोनों देशों के बीच मालगाड़ियों का संचालन लगातार जारी रहा।

नई सरकार बनने और हालात सामान्य होने के बाद दोनों देशों के बीच संबंधों में सुधार आया है। हालिया बैठकों में यात्री रेल सेवाएं फिर से शुरू करने पर प्रारंभिक सहमति बनने की जानकारी सामने आई है।

करीब दो वर्ष बाद भारत ने बांग्लादेशी नागरिकों के लिए वीजा जारी करना भी दोबारा शुरू कर दिया है। इससे पर्यटन, चिकित्सा और व्यापार से जुड़े लोगों में उत्साह बढ़ा है। रेलवे बोर्ड की अंतिम मंजूरी मिलने के बाद ट्रेनों के संचालन की आधिकारिक तिथियों की घोषणा की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि मिताली एक्सप्रेस वर्ष 2022 में न्यू जलपाईगुड़ी और ढाका कैंटोनमेंट के बीच शुरू हुई थी। बंधन एक्सप्रेस वर्ष 2017 से कोलकाता-खुलना के बीच संचालित होती है, जबकि मैत्री एक्सप्रेस वर्ष 2008 से कोलकाता और ढाका के बीच दोनों देशों को जोड़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *