कोलकाता। कोलकाता पुलिस ने ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा ईयरफोन और हेडफोन के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। आदेश का उल्लंघन करने वाले कर्मियों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इस संबंध में सभी थाना प्रभारियों और वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
पुलिस आयुक्त अजय नंद के निर्देश पर जारी आदेश में कहा गया है कि ड्यूटी के दौरान कोई भी पुलिसकर्मी ईयरफोन या हेडफोन का उपयोग नहीं करेगा।
सतर्कता बनाए रखने के लिए लिया गया फैसला
कोलकाता पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार हाल के दिनों में यह देखा गया कि कुछ पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान मोबाइल पर वीडियो देख रहे थे या ईयरफोन लगाकर संगीत सुन रहे थे। इससे उनकी सतर्कता प्रभावित हो रही थी और आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने की क्षमता भी कमजोर पड़ रही थी। इसी को देखते हुए यह सख्त फैसला लिया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आदेश की अनदेखी करने वाले कर्मियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ड्यूटी के दौरान लापरवाही रोकने और आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
अनुशासन और आधुनिकीकरण पर सरकार का जोर
इससे पहले भी कोलकाता पुलिस विशेष इकाइयों को छोड़कर अन्य पुलिसकर्मियों के ड्यूटी के दौरान सादे कपड़ों में कार्य करने पर रोक लगा चुकी है।
राज्य सरकार पुलिस व्यवस्था को अधिक अनुशासित और प्रभावी बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। इसी कड़ी में पुलिस बल के आधुनिकीकरण, कार्यकुशलता बढ़ाने और अनुशासन मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हाल ही में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पुलिसकर्मियों को शारीरिक फिटनेस पर ध्यान देने की सलाह देते हुए अगले छह महीने से एक वर्ष के भीतर 20 हजार नए पुलिसकर्मियों की भर्ती की योजना की भी घोषणा की थी।


