Homeफीचरपकवानभुने चावल से बनाएं स्वादिष्ट बर्फी, बिना मावे के मिलेगा शाही स्वाद

भुने चावल से बनाएं स्वादिष्ट बर्फी, बिना मावे के मिलेगा शाही स्वाद

त्योहार हो या फिर अचानक कुछ मीठा खाने का मन, घर पर बनी मिठाई का स्वाद ही अलग होता है। आमतौर पर मिठाई बनाने में मावा और लंबे समय तक दूध पकाने की जरूरत पड़ती है, लेकिन अब बिना मावे के भी स्वादिष्ट और शाही मिठाई तैयार की जा सकती है।

फूड क्रिएटर माधुरी चौहान ने भुने हुए चावल से बनने वाली ऐसी बर्फी की आसान रेसिपी बताई है, जो कम खर्च में तैयार हो जाती है और स्वाद में बाजार की मिठाइयों को भी टक्कर देती है।

घी में भूनें कच्चे चावल

इस मिठाई को बनाने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही में एक कटोरी कच्चे चावल डालें। इसमें एक बड़ा चम्मच देसी घी मिलाकर धीमी से मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें।

जब चावल हल्के सुनहरे रंग के हो जाएं और उनमें से अच्छी खुशबू आने लगे, तो गैस बंद कर दें। घी में भूनने से चावल का कच्चापन खत्म हो जाता है और मिठाई में खास स्वाद आता है।

तैयार करें गुड़ का घोल

दूसरी ओर एक बर्तन में गुड़ के छोटे-छोटे टुकड़े डालें और उसमें आधा कप पानी मिलाएं। इसे गैस पर गर्म करें और गुड़ को पूरी तरह घुलने दें।

ध्यान रखें कि गुड़ की ज्यादा गाढ़ी चाशनी नहीं बनानी है। गुड़ घुलने और हल्का उबाल आने के बाद गैस बंद कर दें।

भुने चावल का बनाएं पाउडर

भुने हुए चावल को थोड़ा ठंडा होने दें। इसके बाद इन्हें मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें। तैयार चावल का पाउडर हल्का दानेदार रहेगा, जो बर्फी को खास बनावट देगा।

अब इस पाउडर को दोबारा कड़ाही में डालें। इसमें थोड़ा सा देसी घी मिलाकर हल्का भूनें। इसके बाद स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें मिल्क पाउडर और बारीक कटे हुए मेवे डालकर अच्छी तरह मिलाएं।

गुड़ का पानी मिलाकर जमाएं बर्फी

अब धीमी आंच पर चावल के मिश्रण में गुड़ का पानी धीरे-धीरे डालें और लगातार चलाते रहें। कुछ ही देर में मिश्रण गाढ़ा होकर आटे की तरह तैयार हो जाएगा और कड़ाही छोड़ने लगेगा।

इस मिश्रण को घी लगी प्लेट या ट्रे में फैलाकर बराबर कर लें। ठंडा होने के बाद मनचाहे आकार में काट लें। तैयार है बिना मावे की स्वादिष्ट और शाही भुने चावल की बर्फी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments