वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के सारनाथ थाना क्षेत्र के सथवा गांव में हनुमान मंदिर में रखी मूर्ति को अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। मंगलवार सुबह मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने मूर्ति को क्षतिग्रस्त देखा, जिसके बाद नाराजगी जताते हुए पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी सारनाथ विनय द्विवेदी और थाना सारनाथ की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
एसीपी सारनाथ ने बताया कि मंगलवार होने के कारण बड़ी संख्या में लोग हनुमान जी के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने मूर्ति को क्षतिग्रस्त देखा और पुलिस को सूचना दी।
क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए बल तैनात
पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर फिलहाल स्थिति सामान्य है। क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अराजक तत्वों की पहचान के लिए जांच कर रही है। अधिकारियों ने जल्द ही आरोपी या आरोपियों को हिरासत में लेने की बात कही है।


