नई दिल्ली। मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र की कंपनी मेटालिक टेक्नोफोर्ज का 49.96 करोड़ रुपये का आईपीओ मंगलवार से सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया है। निवेशक इस आईपीओ में 23 जुलाई तक बोली लगा सकेंगे। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 28 जुलाई को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर होने की संभावना है।
72 से 77 रुपये तय किया गया मूल्य दायरा
आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 24 जुलाई को शेयरों का आवंटन किया जाएगा, जबकि 27 जुलाई को आवंटित शेयर निवेशकों के डीमैट खाते में जमा होंगे। आईपीओ के पहले दिन सुबह 11:30 बजे तक इसे 16 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिला है।
कंपनी ने आईपीओ के लिए प्रति शेयर 72 रुपये से 77 रुपये का मूल्य दायरा तय किया है। इसका लॉट साइज 1,600 शेयरों का है। खुदरा निवेशकों को कम से कम दो लॉट यानी 3,200 शेयरों के लिए आवेदन करना होगा, जिसके लिए करीब 2.46 लाख रुपये का निवेश करना पड़ेगा।
इस आईपीओ के तहत 10 रुपये अंकित मूल्य वाले कुल 64.88 लाख नए शेयर जारी किए जा रहे हैं।
क्यूआईबी के लिए 47.35 प्रतिशत हिस्सा आरक्षित
आईपीओ में योग्य संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के लिए 47.35 प्रतिशत हिस्सा आरक्षित किया गया है। वहीं खुदरा निवेशकों के लिए 33.29 प्रतिशत और गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए 14.30 प्रतिशत हिस्सा रखा गया है। बाजार निर्माता के लिए 5.06 प्रतिशत हिस्सा आरक्षित है।
इस निर्गम के लिए स्मार्ट हॉरिजन कैपिटल एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड को बुक रनिंग लीड मैनेजर बनाया गया है, जबकि बिगशेयर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड रजिस्ट्रार की भूमिका निभाएगा। श्रेणी शेयर्स लिमिटेड कंपनी का बाजार निर्माता है।
कंपनी के मुनाफे और राजस्व में लगातार बढ़ोतरी
सेबी के पास जमा दस्तावेजों के अनुसार, मेटालिक टेक्नोफोर्ज की वित्तीय स्थिति में पिछले कुछ वर्षों में सुधार हुआ है। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी का शुद्ध लाभ 4.26 करोड़ रुपये था, जो 2024-25 में बढ़कर 9.03 करोड़ रुपये और 2025-26 में 12.36 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी का राजस्व भी लगातार बढ़ा है। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 51.50 करोड़ रुपये का राजस्व मिला था, जो 2024-25 में बढ़कर 75.64 करोड़ रुपये और 2025-26 में 97.98 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
हालांकि, इस दौरान कंपनी पर कर्ज का बोझ भी बढ़ा है। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी पर 10.81 करोड़ रुपये का कर्ज था, जो 2024-25 में बढ़कर 27.97 करोड़ रुपये और 2025-26 में 31.78 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी का नेटवर्थ भी बढ़ा है। वित्त वर्ष 2023-24 में नेटवर्थ 7.72 करोड़ रुपये था, जो 2024-25 में 17.40 करोड़ रुपये और 2025-26 में बढ़कर 33.42 करोड़ रुपये हो गया।


