Homeक्राइमनोएडा में 10 लोग साइबर ठगी के शिकार, 79 लाख रुपये से...

नोएडा में 10 लोग साइबर ठगी के शिकार, 79 लाख रुपये से अधिक की ठगी

नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में साइबर अपराधियों ने अलग-अलग तरीकों से 10 लोगों को अपना शिकार बनाया। ठगों ने मोबाइल हैकिंग, ऑनलाइन निवेश, लिंक भेजकर ठगी और ब्लैकमेलिंग जैसे तरीकों से पीड़ितों से कुल 79.25 लाख रुपये ठग लिए। सभी मामलों में साइबर अपराध थाने में शिकायत दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।

मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए लाखों रुपये

साइबर अपराध थाने में दर्ज एक शिकायत के अनुसार ग्रेटर नोएडा निवासी छतर सिंह के मोबाइल फोन को साइबर अपराधियों ने हैक कर उनके खाते से 7 लाख 79 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वहीं, एनएसजी सोसायटी ग्रेटर नोएडा निवासी शिवराज सिंह भंडराल को साइबर ठगों ने टेलीग्राम एप के जरिए अपना शिकार बनाया। आरोपियों ने लाइक करने के नाम पर उन्हें झांसे में लिया और अधिक मुनाफे का लालच देकर 6 लाख 11 हजार रुपये ठग लिए।

निवेश और लिंक के जरिए बनाया निशाना

गौरव कुमार ने पुलिस को बताया कि कुछ लोगों ने उन्हें फोन कर एक लिंक भेजा और खाते में रुपये मिलने का झांसा दिया। जब उन्होंने मना किया तो आरोपियों ने उनकी आपत्तिजनक तस्वीर को संपादित कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद डराकर उनसे 6.8 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।

सेक्टर-2 निवासी कमल कुमार की कंपनी के सर्वर में साइबर अपराधियों ने अनधिकृत रूप से प्रवेश कर ग्राहकों का डाटा हासिल कर लिया। इसके बाद डिजिटल गोल्ड निवेश से जुड़ी जानकारी का गलत इस्तेमाल कर 6 लाख 69 हजार 386 रुपये की ठगी कर ली।

ऑनलाइन निवेश और ब्लैकमेलिंग से लाखों की ठगी

नोएडा सेक्टर-27 निवासी सुभाष पाटिल को साइबर ठगों ने आईसीआईसीआई क्रेडिट कार्ड कर्मचारी बनकर संपर्क किया। आरोपियों ने क्रेडिट कार्ड के अंक बढ़ाने का झांसा देकर लिंक भेजा और मोबाइल हैक कर खाते से 5.3 लाख रुपये निकाल लिए।

वहीं, विक्रांत साहीवाल को ऑनलाइन निवेश में मोटा मुनाफा देने का लालच देकर ठगों ने अपने जाल में फंसाया। आरोपियों ने अलग-अलग बार में उनसे 22.50 लाख रुपये अपने खातों में जमा करा लिए।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी अरविंद ओझा से शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 6 लाख 67 हजार रुपये की ठगी की गई। इसके अलावा कपिल मखीजा से भी शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर 5 लाख 28 हजार रुपये ठग लिए गए।

साइबर अपराधियों ने अजय सिंह की कंपनी के बैंक खाते से भी 5 लाख 8 हजार रुपये निकाल लिए। आरोपियों ने एक मोबाइल एप भेजकर उनका फोन हैक किया और खाते से रकम निकाल ली।

एक अन्य मामले में अनीश को अश्लील तस्वीरें भेजकर ब्लैकमेल किया गया और धमकी देकर उनके खाते से 6 लाख 31 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए गए।

पुलिस उपायुक्त साइबर अपराध शैव्या गोयल ने बताया कि सभी मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस साइबर ठगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments