Homeबिहारपारिवारिक विवाद के बाद हाईटेंशन टावर पर चढ़ी विवाहिता, पुलिस ने बचाई...

पारिवारिक विवाद के बाद हाईटेंशन टावर पर चढ़ी विवाहिता, पुलिस ने बचाई जान

सीवान। जिले के भगवानपुर हाट प्रखंड क्षेत्र के सारिपट्टी चेवर में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पारिवारिक विवाद के बाद करीब 25 वर्षीय एक विवाहिता 132 केवी (1.32 लाख वोल्ट) हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गई। ग्रामीणों और पुलिस की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

ग्रामीणों की भीड़ जुटी, पुलिस ने समझाकर उतारा

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से महिला से बातचीत की और काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारने में सफलता हासिल की।

लोगों ने बताया कि अगर महिला बिजली लाइन के संपर्क में आ जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। समय रहते पुलिस और ग्रामीणों की सक्रियता से अनहोनी टल गई।

पति ने लगाया विवाद का आरोप, पुलिस कर रही जांच

महिला की पहचान भगवानपुर हाट प्रखंड के सहसरांव गांव निवासी स्वर्गीय बिगन मांझी की पुत्री मूरत देवी के रूप में हुई है। उसकी शादी वर्ष 2019 में गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सिरसा गांव निवासी दीपक मांझी से हुई थी। दंपति के दो पुत्र हैं, जिनमें बड़ा पुत्र उत्तम कुमार (5 वर्ष) और छोटा पुत्र मणिकांत (3 वर्ष) है।

बताया गया कि महिला का पति दीपक मांझी महाराष्ट्र में रहकर राजमिस्त्री का काम करता है। पति का आरोप है कि उसकी अनुपस्थिति में पत्नी पहले भी दो बार घर छोड़कर कथित प्रेमी के साथ चली गई थी और इसी बात को लेकर घर में विवाद होता रहता था।

जानकारी के अनुसार, महिला किसी रिश्तेदार के यहां भगवानपुर हाट आई हुई थी, जहां बुधवार सुबह वह हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गई। घटना के बाद पुलिस महिला, उसके पति और दोनों बच्चों को थाने ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments