HomeBreaking Newsतेज रफ्तार कार की सेना वाहन से भिड़ंत, दो युवतियों समेत तीन...

तेज रफ्तार कार की सेना वाहन से भिड़ंत, दो युवतियों समेत तीन गंभीर घायल

रांची। लोअर बाजार थाना क्षेत्र स्थित प्लाजा चौक के पास रविवार सुबह करीब छह बजे तेज रफ्तार कार और सेना के वाहन के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार दो युवतियों समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए, जबकि सेना वाहन का बायां हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सफेद रंग की कार पुरुलिया रोड की ओर से तेज गति में आ रही थी। उसी दौरान प्लाजा चौक के पास सेना का वाहन जेल मोड़ की ओर मुड़ रहा था, तभी अनियंत्रित कार सीधे उससे टकरा गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और गश्ती पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला।

घायलों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को आर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। चिकित्सकों के अनुसार, घायलों के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही लालपुर और लोअर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया गया है, जबकि सेना वाहन को हटाने की प्रक्रिया जारी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने कार चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना है। कार के आगे और पीछे अलग-अलग अस्थायी नंबर लगे होने के मामले की भी जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments