Homeफीचरमनोरंजन‘राजेश खन्ना ने सेट पर मुझे सबके सामने गालियां दी थीं’, तेज...

‘राजेश खन्ना ने सेट पर मुझे सबके सामने गालियां दी थीं’, तेज सप्रू ने सुनाया पुराना किस्सा

मुंबई। वरिष्ठ अभिनेता तेज सप्रू ने दिवंगत सुपरस्टार राजेश खन्ना के साथ काम करने के अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि एक फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें सबके सामने गालियां दी गई थीं। उन्होंने कहा कि उस घटना ने उन्हें भीतर तक तोड़ दिया था, हालांकि बाद में राजेश खन्ना ने उनसे माफी भी मांगी थी।

एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान तेज सप्रू ने कहा कि वह राजेश खन्ना का बहुत सम्मान करते थे, क्योंकि उनके पिता डी.के. सप्रू के साथ भी उन्होंने काम किया था। उन्होंने बताया कि कश्मीर में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान अचानक पीछे से किसी ने उन्हें गालियां दीं। जब उन्होंने मुड़कर देखा तो वह राजेश खन्ना थे।

‘करियर के शिखर पर इंसान बदल जाता है’

तेज सप्रू ने कहा कि राजेश खन्ना में अहंकार था और ऐसा अक्सर तब होता है जब कोई कलाकार अपने करियर के शिखर पर होता है। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि राजेश खन्ना जितने घमंडी थे, उतने ही दरियादिल भी थे। उनके अनुसार, स्टारडम कई बार कलाकार और उसके आसपास के लोगों दोनों को बदल देता है।

उन्होंने बताया कि घटना के अगले दिन उन्होंने राजेश खन्ना से बात नहीं की। यह देखकर राजेश खन्ना खुद उनके पास आए, माफी मांगी और उन्हें अपने होटल बुलाया। इसके बाद दोनों के बीच रिश्ते सामान्य हो गए।

‘अहंकार उनके पतन की वजह बना’

तेज सप्रू ने कहा कि उनकी नजर में राजेश खन्ना का पतन अपेक्षाकृत जल्दी हुआ और इसकी एक वजह उनका अहंकार भी था। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र और जीतेंद्र जैसे कलाकारों की तुलना में राजेश खन्ना का स्वभाव अलग था, लेकिन एक सुपरस्टार के रूप में उनकी लोकप्रियता और फैन फॉलोइंग जैसी उन्होंने किसी और की नहीं देखी।

गौरतलब है कि राजेश खन्ना ने अपने जीवनकाल में कई बार इस बात से इनकार किया था कि वह घमंडी थे। उन्होंने एक पुराने साक्षात्कार में कहा था कि यदि उनमें घमंड होता, तो दर्शक उन्हें कभी सुपरस्टार नहीं बनाते।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments