बेंगलुरु। फिल्म ‘टॉक्सिक’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में अभिनेता यश ने कियारा आडवाणी की जमकर तारीफ की और उन्हें आलोचनाओं से प्रभावित न होने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि एक कलाकार को लोगों की बातों की परवाह किए बिना उसी काम पर भरोसा रखना चाहिए, जिसमें उसे विश्वास हो।
यश ने कहा कि कियारा ने फिल्म के लिए पूरी निष्ठा और मेहनत से काम किया है। उन्होंने कियारा के अभिनय की सराहना करते हुए कहा कि ट्रेलर में उनके किरदार की झलक ही काफी प्रभावशाली है और उनका प्रदर्शन “तबाही” है।
‘जिस पर विश्वास हो, वही करते रहो’
इवेंट के दौरान यश ने कियारा से कहा कि एक अभिनेता को कई तरह की आलोचनाओं और मुश्किलों से गुजरना पड़ता है, लेकिन उसे अपने फैसलों पर भरोसा बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोग अंततः अच्छे काम की सराहना करते हैं, इसलिए बाहरी प्रतिक्रियाओं से प्रभावित होने की जरूरत नहीं है।
गौरतलब है कि हाल ही में ‘टॉक्सिक’ के गाने ‘तबाही’ में यश के साथ कियारा के कुछ दृश्यों को लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा था। हालांकि, कियारा ने इस विवाद पर सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
26 अगस्त को रिलीज होगी ‘टॉक्सिक’
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक’ 26 अगस्त को पैन इंडिया रिलीज होगी। फिल्म में यश और कियारा आडवाणी के अलावा हुमा कुरैशी, नयनतारा, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत, अक्षय ओबेरॉय और अन्य कलाकार भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।


