Homeराष्ट्रीयकांवड़ यात्रा और सावन सोमवार को लेकर पुलिस अलर्ट, बांदा में रूट...

कांवड़ यात्रा और सावन सोमवार को लेकर पुलिस अलर्ट, बांदा में रूट मार्च; भारी वाहनों पर रोक

बांदा। सावन सोमवार, कांवड़ यात्रा और सावन अमावस्या को लेकर उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने और शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शनिवार रात पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस और पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल ने भारी पुलिस बल के साथ शहर में रूट मार्च किया।

इस दौरान प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने और श्रद्धालुओं एवं आमजन के साथ विनम्र व्यवहार करते हुए सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बाम्बेश्वर मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण

रूट मार्च के बाद पुलिस अधिकारियों ने बाम्बेश्वर मंदिर पहुंचकर संभावित श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा की गई।

अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज ने रविवार को बताया कि कांवड़ यात्रा और आगामी सावन सोमवार को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। इस दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टॉक सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

कांवड़ मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद

कांवड़ यात्रा और सावन अमावस्या को देखते हुए जिले में व्यापक यातायात डायवर्जन लागू किया गया है। चित्रकूट की ओर जाने वाले मार्ग पर अति आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों को छोड़कर सभी भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

मटौंध, भूरागढ़, बांदा, अतर्रा, बदौसा और चित्रकूट मार्ग को कांवड़ यात्रा एवं सावन अमावस्या मार्ग घोषित किया गया है। पैदल श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए रविवार और सोमवार को दिन-रात भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बांदा-मटौंध से कबरई तक भी भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।

महोबा से बांदा आने वाले भारी वाहनों को महोबा-कबरई होते हुए खन्ना और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के रास्ते बांदा आने की व्यवस्था की गई है। बांदा से महोबा जाने वाले भारी वाहन भी बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करेंगे।

बांदा से चित्रकूट आने-जाने वाले लोगों को कांवड़ यात्रा मार्ग के बजाय बांदा-बिसंडा-पहाड़ी मार्ग अथवा बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से आवागमन करने की सलाह दी गई है।

इन मार्गों पर सामान्य आवागमन जारी रहेगा

बांदा-बेंदाघाट-फतेहपुर, बांदा-चिल्ला-चौडगरा, बांदा-बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे-महोबा और बांदा-नरैनी-कालिंजर मार्ग सभी प्रकार के वाहनों के लिए सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे।

पुलिस ने कांवड़ यात्रा समूहों से मटौंध-बांदा-अतर्रा-बदौसा निर्धारित मार्ग का ही इस्तेमाल करने की अपील की है। वहीं, आमजन से कांवड़ यात्रा और चित्रकूट कामदगिरि दर्शन के अलावा अन्य कार्यों से मटौंध-बांदा-अतर्रा-बदौसा-चित्रकूट मार्ग पर आवागमन से बचने तथा वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है। पुलिस का कहना है कि इससे श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments