पटना। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के सांसदों ने बुधवार को दिल्ली स्थित 9, सुनहरी बाग स्थित सरकारी आवास पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार से मुलाकात की। बैठक में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान नीतीश कुमार ने सांसदों से संसद के दोनों सदनों में उठाए जा रहे जनहित और बिहार के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों की जानकारी ली। उन्होंने सांसदों से उनके संसदीय क्षेत्रों में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तृत फीडबैक भी प्राप्त किया।
सांसदों से क्षेत्रीय समस्याओं और योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली
सांसदों ने अपने-अपने लोकसभा क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की अद्यतन स्थिति से नीतीश कुमार को अवगत कराया। बैठक में क्षेत्रीय समस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
नीतीश कुमार ने सांसदों से जनहित के विषयों को प्राथमिकता के साथ संसद में उठाने, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर नजर रखने और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार सक्रिय रहने का आग्रह किया। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में जनता से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से समझने और उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने पर भी जोर दिया।
बैठक में लोकसभा में जदयू संसदीय दल के नेता दिलेश्वर कामत, सांसद कौशलेन्द्र कुमार, देवेशचंद्र ठाकुर, आलोक कुमार सुमन, रामप्रीत मंडल, विजयलक्ष्मी देवकी और सुनील कुमार मौजूद रहे। इसके अलावा बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता और जदयू के कोषाध्यक्ष ललन कुमार सर्राफ भी बैठक में शामिल हुए।


