Homeराष्ट्रीयनूंह में मदरसा छात्राओं ने निकाली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति और शिक्षा का...

नूंह में मदरसा छात्राओं ने निकाली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति और शिक्षा का दिया संदेश

नूंह। हरियाणा के नूंह जिले में पसमांदा विकास फाउंडेशन की ओर से बुधवार को देशभक्ति और सामाजिक जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से तिरंगा यात्रा निकाली गई। यासीन मेव डिग्री कॉलेज से शुरू हुई इस यात्रा में जिले के विभिन्न इस्लामी मदरसों में पढ़ने वाली सैकड़ों छात्राओं ने भाग लिया। छात्राएं एक हाथ में कुरान और दूसरे हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुईं।

पसमांदा विकास फाउंडेशन के अध्यक्ष मोहम्मद मेराज राईन ने कहा कि फाउंडेशन समाज के उत्थान और बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों को लेकर समाज में बनी धारणाओं को दूर करने और यह संदेश देने के लिए यह यात्रा निकाली गई कि मदरसा छात्र भी देश और समाज की प्रगति में अपनी भूमिका निभाना चाहते हैं।

मदरसा छात्रों के लिए आधुनिक शिक्षा सुविधाओं की मांग

उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज को कुरान से जितना प्रेम है, उतना ही देश के तिरंगे और भारत से भी प्रेम है। यात्रा के माध्यम से भाईचारे, देशभक्ति और शिक्षा का संदेश दिया गया।

मेराज राईन ने कहा कि मदरसों में पढ़ने वाले बच्चे भी आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर और इंजीनियर बनना चाहते हैं, लेकिन संसाधनों की कमी उनके सामने चुनौती है। उन्होंने प्रधानमंत्री से मदरसों में कंप्यूटर उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि बच्चे धार्मिक शिक्षा के साथ आधुनिक और तकनीकी शिक्षा भी प्राप्त कर सकें।

पसमांदा विकास फाउंडेशन की महिला अध्यक्ष निकहत परवीन ने कहा कि पसमांदा समाज की बेटियां अब शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में शामिल छात्राएं धार्मिक शिक्षा के साथ-साथ बुनियादी शिक्षा भी हासिल कर रही हैं और उनकी भागीदारी जागरूकता तथा सशक्तिकरण का प्रतीक है।

जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम नूंह कुंवर आदित्य विक्रम ने तिरंगा यात्रा को झंडा दिखाकर रवाना किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments