Homeराष्ट्रीयभीषण गर्मी से बेहाल बंगाल, अगले 48 घंटे में बारिश और आंधी...

भीषण गर्मी से बेहाल बंगाल, अगले 48 घंटे में बारिश और आंधी के आसार

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भीषण गर्मी और उमस से लोगों का हाल बेहाल है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को राजधानी कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने की संभावना है। इसके चलते लोगों को दिनभर गर्मी और उमस का सामना करना पड़ेगा। अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि हवा में नमी अधिक होने के कारण वास्तविक तापमान से कहीं अधिक गर्मी महसूस हो रही है।

अलीपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने दोपहर के समय लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने नए मौसमी दबाव के कारण अगले दो से तीन दिनों में राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। इसके प्रभाव से कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ क्षेत्रों के लिए सतर्कता अलर्ट भी जारी किया गया है।

सप्ताह के अंत तक मिल सकती है राहत

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश की गतिविधियां बढ़ने के बाद तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की जाएगी और पिछले कई दिनों से जारी उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी। फिलहाल उत्तर और दक्षिण बंगाल के मौसम में स्पष्ट अंतर देखा जा रहा है।

उत्तर बंगाल के कूचबिहार और आसपास के इलाकों में आंशिक बादल छाए हुए हैं। यहां आर्द्रता का स्तर 96 प्रतिशत तक पहुंच गया है, जिसके कारण शाम या रात के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। दूसरी ओर दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क और गर्म बना रहेगा, हालांकि स्थानीय स्तर पर कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।

वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सप्ताह के अंत तक मॉनसून की सक्रियता और बंगाल की खाड़ी में बने दबाव का संयुक्त प्रभाव पूरे राज्य में दिखाई देगा। इसके चलते पश्चिम बंगाल के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश शुरू होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट और मौसम में राहत देखने को मिलेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments