Homeखेलफ्रेंच ओपन 2026 में बड़ा उलटफेर: 19 वर्षीय जोआओ फोन्सेका ने नोवाक...

फ्रेंच ओपन 2026 में बड़ा उलटफेर: 19 वर्षीय जोआओ फोन्सेका ने नोवाक जोकोविच को हराकर रचा इतिहास

पेरिस : फ्रेंच ओपन 2026 में एक और बड़ा उलटफेर देखने को मिला। 24 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके दिग्गज सर्बियाई खिलाड़ी नोवाक जोकोविच का 25वें ग्रैंड स्लैम का सपना टूट गया। तीसरे दौर में ब्राजील के 19 वर्षीय युवा खिलाड़ी जोआओ फोन्सेका ने पांच सेट तक चले रोमांचक मुकाबले में जोकोविच को 4-6, 4-6, 6-3, 7-5, 7-5 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।

करीब पांच घंटे तक चले इस मुकाबले में फोन्सेका ने शानदार जुझारूपन का प्रदर्शन किया। वह ग्रैंड स्लैम मुकाबले में जोकोविच को हराने वाले पहले किशोर खिलाड़ी बन गए। इस ऐतिहासिक जीत के साथ उन्होंने पुरुष टेनिस के भविष्य के बड़े सितारों में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है।

जोकोविच की हार के साथ ही उनके रिकॉर्ड 25वें ग्रैंड स्लैम खिताब का इंतजार और लंबा हो गया। इससे पहले विश्व नंबर एक यानिक सिनर भी टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं, जिसके बाद खिताब की दौड़ और दिलचस्प हो गई है।

मैच के बाद फोन्सेका ने कहा, “मुझे यकीन नहीं हो रहा कि मैं यह मुकाबला जीत गया। मेरा लक्ष्य सिर्फ अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना था। जोकोविच जैसे महान खिलाड़ी के खिलाफ जीत हासिल करना मेरे लिए बेहद खास पल है।”

उन्होंने कहा, “मैं हर पॉइंट पर आक्रामक रहने की कोशिश कर रहा था। जोकोविच बहुत कम गलतियां करते हैं और उनकी फिटनेस आज भी शानदार है। मुकाबले के आखिर तक भी वह बेहद मजबूत नजर आ रहे थे।”

फोन्सेका ने अपनी इस यादगार जीत को अपनी मां को समर्पित किया, जिनका उसी दिन जन्मदिन था और वे स्टेडियम में मौजूद थीं।

जोकोविच ने की थी शानदार शुरुआत

मुकाबले के शुरुआती दो सेटों में जोकोविच पूरी तरह हावी नजर आए। पहले सेट में उन्होंने शुरुआती छह में से पांच गेम जीतकर दबदबा बनाया। दूसरे सेट में भी उन्होंने अपनी बढ़त कायम रखी और मुकाबले में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली।

दो सेट पीछे होने के बाद बदला मैच का रुख

फोन्सेका ने तीसरे सेट से आक्रामक खेल दिखाना शुरू किया और शानदार वापसी करते हुए सेट अपने नाम किया। चौथे सेट में भी उन्होंने लय बरकरार रखी और मुकाबले को दो-दो सेट की बराबरी पर पहुंचा दिया।

निर्णायक पांचवें सेट में जोकोविच ने 3-1 की बढ़त बनाई, लेकिन युवा ब्राजीलियाई खिलाड़ी ने धैर्य नहीं खोया। 5-5 की बराबरी के बाद उन्होंने अहम ब्रेक हासिल किया और फिर लगातार तीन ऐस लगाकर मैच जीत लिया।

फोन्सेका ने कहा, “मुझे खुद भी विश्वास नहीं हो रहा कि मैच के अंत में मैंने लगातार तीन ऐस लगाए। उस समय मैं खुद को जॉन इस्नर जैसा महसूस कर रहा था।”

फ्रेंच ओपन को मिलेगा नया चैंपियन

फ्रेंच ओपन 2026 में अब पुरुष एकल वर्ग को नया चैंपियन मिलना तय है। गत चैंपियन कार्लोस अल्काराज़ चोट के कारण टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सके, जबकि यानिक सिनर और नोवाक जोकोविच पहले ही बाहर हो चुके हैं।

अब जोआओ फोन्सेका अगले दौर में टॉमी पॉल और कैस्पर रूड के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से भिड़ेंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments