पश्चिमी सिंहभूम। चाईबासा-तांतनगर मुख्य मार्ग पर मंगलवार तड़के हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कोकचो निवासी 35 वर्षीय सचिन निषाद के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है।
पेड़ से टकराई बाइक
जानकारी के अनुसार, सचिन निषाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। हेस्साडीह गांव के पास अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वह बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर कोकचो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।


