इस्लामाबाद। पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत में सुरक्षाबलों की कार्रवाई के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। मस्तुंग जिले में विस्फोट कर एक पुल को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिसके बाद कई इलाकों में कर्फ्यू लागू कर दिया गया। सेना का दावा है कि मस्तुंग और सोराब जिलों में 10 हथियारबंद लोगों को मार गिराया गया है।
विस्फोट के बाद हाइवे बंद
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मस्तुंग जिले में क्वेटा-कराची मुख्य राजमार्ग पर स्थित पुल को विस्फोट कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना के बाद सुरक्षा कारणों से राजमार्ग पर यातायात रोक दिया गया। हाल के दिनों में बलोचिस्तान के सोराब, कलात और खुजदार क्षेत्रों में भी कई पुलों को निशाना बनाया जा चुका है।
कई इलाकों में कर्फ्यू लागू
स्थिति को देखते हुए बलोचिस्तान सरकार ने मस्तुंग की खड़कोचा उप-तहसील में कर्फ्यू लागू कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। नुश्की और खुजदार जिले की ज़हरी तहसील समेत कुछ अन्य क्षेत्रों में पहले से ही कर्फ्यू लागू है।
सेना का दावा, 10 हथियारबंद लोग मारे गए
पाकिस्तान सेना के जनसंपर्क विभाग ने दावा किया कि पिछले 48 घंटों के दौरान सोराब और मस्तुंग में अभियान चलाकर 10 हथियारबंद लोगों को मार गिराया गया। इनमें सोराब में सात और मस्तुंग में तीन लोग शामिल हैं। सेना ने दो कथित महिला आत्मघाती हमलावरों और उनके एक सहयोगी को हिरासत में लेने का भी दावा किया है।


