Homeराष्ट्रीयमोदी-योगी सरकार में हुई उप्र के विकास की शुरुआत: अमित शाह

मोदी-योगी सरकार में हुई उप्र के विकास की शुरुआत: अमित शाह

ललितपुर : भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक चुनावी जनसभा में कहा कि नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बने और उत्तर प्रदेश के विकास की शुरुआत हुई। एक जमाना था जब उत्तर प्रदेश में देशी कट्टे बनते थे लेकिन मोदी ने बुंदेलखंड में डिफेंस कॉरिडोर बनाया, अब यहां तोप के गोले बनते हैं। पाकिस्तान ने अगर कोई भी गलती की तो ये बुंदेलखंडी गोला पाकिस्तान पर गिरेगा और उसका सफाया कर देगा।

केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने झांसी-ललितपुर लोकसभा क्षेत्र के पार्टी उम्मीदवार अनुराग शर्मा के समर्थन में ललितपुर के तुआन मंदिर ग्राउंड में आयोजित जनसभा में कहा कि एक जमाने में बुंदेलखंड से बाहुबली पूरे देश में जाते थे। आप तीसरी बार मोदी को प्रधानमंत्री बना दीजिए, हमारा बुंदेलखंड यहां से बाहुबली की जगह उद्योगपति पूरे देश में भेजने का काम करेगा। ये चुनाव देश के विकास का चुनाव है। ये चुनाव देश को सुरक्षित करने का है। ये चुनाव हमारे धर्म और संस्कृति के रक्षण का चुनाव है। ये चुनाव भारत को महान बनाने का चुनाव है। ये चुनाव देश के गरीबों का कल्याण करने का चुनाव है और ये चुनाव बुंदेलखंड की प्यास बुझाने का चुनाव है।

उम्मीदवार अनुराग शर्मा को जिताने की अपील करते हुए शाह ने कहा कि इस भूमि ने मुगलों के सामने भी लड़ाई लड़ी और अंग्रेजों के सामने भी। अब हमारे देश में मौजूद देशी अंग्रेजों के खिलाफ भी बुंदेलखंड को लड़ाई लड़नी है। उन्होंने कहा कि बेटे-बेटियों के लिए राजनीति करने वाले देश का भला नहीं कर सकते। नरेन्द्र मोदी ने 10 साल में देश को आतंकवाद से मुक्त करने का काम किया है।

उन्होंने जनता से कहा कि एक ओर चांदी के चम्मच के साथ पैदा हुए राहुल गांधी और अखिलेश यादव हैं, दूसरी ओर गरीब चाय वाले के घर में पैदा हुए हमारे नेता नरेन्द्र मोदी हैं। एक ओर रामभक्तों पर गोली चलाने वाली समाजवादी पार्टी है, दूसरी ओर राम मंदिर बनाने वाले मोदी हैं। इस चुनाव में एक ओर 12 लाख करोड़ के घपले घोटाले करने वाला इंडी अलायंस है, दूसरी ओर मोदी हैं, जो 23 साल से मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री पद पर हैं, लेकिन उनपर 25 पैसे का भी आरोप कोई नहीं लगा सकता।

गृहमंत्री ने कहा कि कांग्रेस देश को तोड़ना चाहती है। उनके नेता कहते हैं कि दक्षिण भारत और उत्तर भारत, देश के दो हिस्से कर दीजिए। मैं बताना चाहता हूं कि मोदी फिर से आने वाले हैं और मोदी के रहते कोई भी भारत को तोड़ नहीं सकता। यही नहीं कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने कहा है कि पाकिस्तान को सम्मान दो, उनके पास एटम बम है, उनसे पीओके मत मांगों। मैं इनसे कहना चाहता हूं कि ये मोदी की सरकार है, हम एटम बम से नहीं डरते हैं, पीओके भारत का है, रहेगा और हम उसे लेकर रहेंगे।

जनसभा में अमित शाह को गदा भेंटकर स्वागत किया गया। मंच पर विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह, भाजपा उम्मीदवार अनुराग शर्मा और राज्यमंत्री मनोहर लाल मुन्नू कोरी समेत कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments