पूर्वी सिंहभूम। साकची थाना क्षेत्र स्थित लाइफ लाइन अस्पताल के पास एक गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली 19 वर्षीय छात्रा ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह उस समय मिली, जब ड्यूटी पर तैनात महिला होमगार्ड ने कमरे का दरवाजा खोला।
छात्रा को तत्काल फंदे से उतारकर एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ निवासी नीलमणि गोराई के रूप में हुई है।
दो महीने पहले कंप्यूटर कोचिंग के लिए आई थी जमशेदपुर
जानकारी के अनुसार, नीलमणि करीब दो महीने पहले कंप्यूटर कोचिंग करने के लिए जमशेदपुर आई थी और इसी हॉस्टल में रह रही थी।
महिला होमगार्ड ने बताया कि सुबह कमरे की जांच के दौरान छात्रा का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका मिला। इसके बाद साकची थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रा के परिजन जमशेदपुर पहुंचे। बेटी की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया है। वहीं हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राएं भी घटना से सदमे में हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।


