व्हाट्सऐप यूजरनेम कैसे बदलें या डिलीट करें? जानिए आसान तरीका

नई दिल्ली। मैटा के स्वामित्व वाले मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप ने यूजर्स की प्राइवेसी बढ़ाने के लिए नया यूजरनेम फीचर पेश किया है। इस फीचर की मदद से यूजर्स भविष्य में अपना मोबाइल नंबर साझा किए बिना भी नए लोगों से चैट कर सकेंगे। हालांकि यह फीचर सभी यूजर्स के लिए चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन जिन यूजर्स को यह सुविधा मिल गई है, वे अपना पसंदीदा यूजरनेम रिजर्व, बदल या डिलीट भी कर सकते हैं।

क्या है यूजरनेम फीचर का फायदा?

व्हाट्सऐप का नया यूजरनेम फीचर यूजर्स की निजता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से लाया गया है। इसके जरिए नए लोगों से बातचीत के दौरान मोबाइल नंबर साझा करने की आवश्यकता नहीं होगी। हालांकि, जिन लोगों के पास आपका नंबर पहले से सेव है, उन्हें आपका मोबाइल नंबर पहले की तरह दिखाई देता रहेगा।

फिलहाल यह सुविधा केवल मोबाइल ऐप पर उपलब्ध है। व्हाट्सऐप वेब और डेस्कटॉप संस्करण पर अभी यह फीचर उपलब्ध नहीं है। कंपनी इंस्टाग्राम और फेसबुक के यूजरनेम के आधार पर भी व्हाट्सऐप यूजरनेम चुनने का विकल्प दे रही है।

कैसे बदलें या डिलीट करें यूजरनेम?

यदि आपने पहले से यूजरनेम सेट कर लिया है और उसे बदलना या हटाना चाहते हैं, तो यह प्रक्रिया बेहद आसान है।

  • व्हाट्सऐप ऐप खोलें और प्रोफाइल आइकन पर टैप करें।
  • सबसे ऊपर दिखाई दे रहे यूजरनेम विकल्प पर जाएं।
  • अब यूजरनेम सेक्शन खोलें।
  • ऊपर दाईं ओर मौजूद एडिट आइकन पर टैप करें।
  • यहां आपको यूजरनेम बदलने या पूरी तरह डिलीट करने का विकल्प मिलेगा।
  • अपनी पसंद के अनुसार नया यूजरनेम सेट करें या मौजूदा यूजरनेम हटा दें।

भारत में फीचर की हो सकती है समीक्षा

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, भारत सरकार इस फीचर की समीक्षा कर सकती है। कुछ मामलों में प्रसिद्ध व्यक्तियों और ब्रांड के नाम पर यूजरनेम रिजर्व किए जाने की खबरें सामने आने के बाद संभावित धोखाधड़ी को लेकर चिंता जताई गई है। ऐसे में सरकार इस फीचर से जुड़े कानूनी और सुरक्षा पहलुओं का परीक्षण कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *