चाकुलिया। पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर के बाद आग लग गई। घटना चाकुलिया-माटिहाना मुख्य मार्ग पर दीघी स्थित एसजी एग्रो फूड प्रोडक्ट्स राइस मिल के समीप हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ट्रेलर ओडिशा के क्योंझर से लौह अयस्क लेकर पश्चिम बंगाल की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रेलर पश्चिम बंगाल के आसनसोल से फायर ब्रिक्स लेकर ओडिशा के अंगुल जा रहा था। दीघी के समीप दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसके बाद दोनों ट्रेलर आग की चपेट में आ गए।
ग्रामीणों और दमकल कर्मियों ने पाया आग पर काबू
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों, राइस मिल संचालक अविनाश सुरेका और कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलने पर चाकुलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बहरागोड़ा से दमकल वाहन बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया और स्थिति को सामान्य किया।
दोनों चालक घायल, अस्पताल में भर्ती
हादसे में एक ट्रेलर के चालक करमचंद और दूसरे ट्रेलर के चालक लालू यादव घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
