उत्साह के साथ मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, आयुष विभाग, शैक्षणिक संस्थानों, पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से विभिन्न स्थानों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शहर से लेकर गांव तक लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम

जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चाईबासा स्थित बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त मनीष कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जूझार माझी और अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

योग प्रशिक्षक सुमित विश्वकर्मा और सोम कुमार नायक ने आयुष मंत्रालय के कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, शवासन सहित विभिन्न योगासनों तथा अनुलोम-विलोम, कपालभाति और भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि योग स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का आधार है तथा इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिखा उत्साह

जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के तत्वावधान में सदर प्रखंड के कमारहातु गांव में योग शिविर आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने सामूहिक योगाभ्यास कर नियमित योग करने का संकल्प लिया। वहीं मतकमहातु पंचायत की मुखिया जुलियाना देवगम की अगुवाई में कमारहातु फुटबॉल मैदान में भी योग कार्यक्रम आयोजित किया गया।

खूंटपानी प्रखंड के पुरुनियाँ फुटबॉल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा, बीडीओ धनंजय पाठक, सीओ फुलेश्वर साव, चिकित्सकों, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने योग को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक बताते हुए नियमित अभ्यास की अपील की।

महिला कॉलेज में छात्राओं ने किया योगाभ्यास

चाईबासा महिला कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और माई भारत के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 75 छात्राओं ने हिस्सा लिया। विशेषज्ञों ने योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी दी, जबकि प्रशिक्षक मदन मोहन मिश्रा ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया।

कार्यक्रमों के दौरान योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले योग मित्रों, प्रशिक्षकों और अन्य कर्मियों को सम्मानित भी किया गया। जिलेभर में लोगों ने योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जीने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *