रांची। श्रावण मास में बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सड़क और रेल दोनों माध्यमों से यात्रा सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। रांची से देवघर के लिए बसों की अग्रिम बुकिंग शुरू हो गई है, वहीं रेलवे ने श्रावणी मेला को देखते हुए विशेष रेलगाड़ी चलाने का निर्णय लिया है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसों का भी परिचालन किया जाएगा।
बसों की अग्रिम बुकिंग शुरू, अतिरिक्त बसें भी चलेंगी
कांटाटोली स्थित खादगढ़ा बस स्टैंड से प्रतिदिन 12 बसें देवघर के लिए संचालित हो रही हैं। बसों की ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से बुकिंग की जा रही है। सामान्य सीट का किराया 550 रुपये और शयनयान सीट का किराया 600 रुपये निर्धारित किया गया है।
बस संचालकों ने बताया कि यदि 35 या उससे अधिक श्रद्धालुओं का समूह होगा तो उनकी सुविधा के अनुसार पूरी बस उपलब्ध कराई जाएगी। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर मेला परमिट लेकर 5 से 10 अतिरिक्त बसें भी चलाई जा सकती हैं।
श्रावणी मेला के लिए विशेष रेलगाड़ी
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी–मधुपुर साप्ताहिक श्रावणी मेला विशेष रेलगाड़ी (रांची होकर) चलाएगा।
- रेलगाड़ी संख्या 08895 एक अगस्त से 29 अगस्त तक प्रत्येक शनिवार को इतवारी से मधुपुर जाएगी।
- रेलगाड़ी संख्या 08896 दो अगस्त से 30 अगस्त तक प्रत्येक रविवार को मधुपुर से इतवारी के लिए चलेगी।
यह विशेष रेलगाड़ी रांची, हटिया, मुरी, बोकारो स्टील सिटी, धनबाद सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी, जिससे झारखंड और आसपास के राज्यों के श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी।
श्रावणी मेले के लिए प्रशासन की विशेष तैयारी
श्रावणी मेला को लेकर राज्य सरकार ने देवघर और दुमका में 65 प्रशासनिक अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है। इनमें देवघर में 40 और दुमका में 25 अधिकारी तैनात किए गए हैं। इनकी जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना होगी।
इसके अलावा पुलिस मुख्यालय ने 27 पुलिस पदाधिकारियों तथा 90 वायरलेस ऑपरेटरों की भी तैनाती की है। सभी अधिकारी और कर्मी श्रावणी मेला अवधि के दौरान अपनी सेवाएं देंगे।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है, ताकि बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।


