कुसुमगर लिमिटेड का आईपीओ 8 जुलाई को खुलेगा, ₹398-419 तय हुआ प्राइस बैंड

मुंबई। सिंथेटिक फैब्रिक बनाने वाली देश की जानी-मानी कंपनी कुसुमगर लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) आगामी 08 जुलाई 2026 को निवेश के लिए खुलने जा रहा है। निवेशक इस आईपीओ में 10 जुलाई 2026 तक बोली लगा सकेंगे। कंपनी ने अपने इस निर्गम के लिए प्रति शेयर मूल्य का दायरा (प्राइस बैंड) ₹398 से ₹419 तय किया है। एंकर निवेशकों के लिए यह आईपीओ एक दिन पहले यानी 7 जुलाई को खुलेगा।

₹650 करोड़ का है पूरा आईपीओ, कर्मचारियों को मिलेगी छूट

कंपनी द्वारा शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई जानकारी के अनुसार, कुसुमगर लिमिटेड का यह आईपीओ ₹650 करोड़ का पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) है। ₹1 अंकित मूल्य (Face Value) वाले इस इश्यू में निवेशकों को न्यूनतम 35 इक्विटी शेयरों के लिए आवेदन करना होगा, यानी रिटेल निवेशकों के लिए एक लॉट 35 शेयरों का होगा। कंपनी ने अपने पात्र कर्मचारियों के लिए ₹3.5 करोड़ के शेयर आरक्षित किए हैं, जिन्हें अंतिम कट-ऑफ प्राइस पर ₹39 प्रति शेयर की आकर्षक छूट मिलेगी।

15 जुलाई को बाजार में लिस्टिंग की तैयारी

आईपीओ के टाइमलाइन की बात करें तो 10 जुलाई को सब्सक्रिप्शन बंद होने के बाद 13 जुलाई 2026 तक शेयरों के अलॉटमेंट (आवंटन) को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है। वहीं, 15 जुलाई 2026 को कंपनी के शेयर घरेलू शेयर बाजारों (BSE और NSE) में लिस्टेड होने का प्रस्ताव है।

विदित हो कि वर्ष 1990 में स्थापित कुसुमगर लिमिटेड बुने हुए लेपित (Coated) और लेमिनेटेड सिंथेटिक कपड़ों (इंजीनियर्ड फैब्रिक) के निर्माण क्षेत्र की प्रमुख कंपनी है। यह मुख्य रूप से पॉलियामाइड्स, पॉलिएस्टर फिलामेंट्स और पॉलीयूरेथेन रसायन विज्ञान पर ध्यान केंद्रित करते हुए उच्च-प्रदर्शन वाले फैब्रिक समाधान प्रदान करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *