हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में सादाबाद क्षेत्र के कस्बा बिसावर में सोमवार देर रात एक मिष्ठान भंडार में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में दुकान के भीतर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गश्त कर रही पुलिस की नजर से खुला मामला
जानकारी के अनुसार, रात करीब एक बजे जब बिसावर पुलिस की टीम इलाके में रूटीन गश्त पर थी, तभी पुलिसकर्मियों को चांदनी चौक स्थित एक दुकान से तेज धुआं और आग की लपटें उठती हुई दिखाई दीं। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए तुरंत आसपास के लोगों और दुकानदारों को जगाया। जब आसपास के दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानें खोलीं, तब पता चला कि आग राधेश्याम के मिष्ठान भंडार में लगी है।
फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
दुकान से उठती लपटों को देख स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने अपने स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि उसने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह शांत किया।
लाखों का नुकसान, जांच में जुटी पुलिस
जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक दुकान में रखा भारी मात्रा में मिष्ठान, कच्ची खाद्य सामग्री, कीमती फर्नीचर और अन्य उपकरण जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुके थे। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस हादसे में दुकानदार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि, आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग शॉर्ट सर्किट समेत अन्य बिंदुओं पर मामले की जांच कर रहे हैं।
