लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सपा की राजनीति को संकीर्ण जातिवाद और चुनावी स्वार्थ से जोड़ते हुए कहा कि सपा गिरगिट की तरह रंग बदलती रहती है, जबकि बसपा सर्वसमाज हितैषी अंबेडकरवादी पार्टी है।
पीडीए को लेकर सपा पर निशाना
मायावती ने शनिवार को एक्स पर पोस्ट कर कहा कि बसपा ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति और सिद्धांत पर काम करती है। उन्होंने कहा कि इसी आधार पर बसपा ने उत्तर प्रदेश में सरकार चलाई है। इसके विपरीत सपा अपनी जातिवादी राजनीति और चुनावी स्वार्थ के लिए लगातार अपना राजनीतिक रुख बदलती रही है।
उन्होंने सपा के पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वाले नारे पर भी निशाना साधा। मायावती ने कहा कि अब ब्राह्मण समाज समेत सवर्ण वर्ग के लोगों का बसपा से जुड़ाव बढ़ता देखकर सपा ने अपने पीडीए में ‘पिछड़ा’ के स्थान पर ‘पंडित’ शब्द का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। उन्होंने इसे सपा की राजनीतिक चाल और छलावे का प्रमाण बताया।
सर्वसमाज से सावधान रहने की अपील
बसपा प्रमुख ने कहा कि इस तरह की राजनीति से किसी व्यक्ति को कुछ समय के लिए लाभ मिल सकता है, लेकिन इससे पूरे समाज का भला नहीं हो सकता। उन्होंने सर्वसमाज के लोगों से ऐसी राजनीति से सावधान रहने की अपील की।
मायावती ने कहा कि समाज के सभी वर्गों के हित में ऐसी राजनीति से दूरी बनाए रखना समय की जरूरत है। उन्होंने बसपा को सर्वसमाज के हित में काम करने वाली अंबेडकरवादी पार्टी बताया।


