जोधपुर : शहर के मंडोर कृषि मंडी क्षेत्र में सोमवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां एक किराना व्यापारी की पैंट की जेब में रखा मोबाइल अचानक ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद मोबाइल में आग लग गई, जिससे व्यापारी गंभीर रूप से झुलस गया।
मोबाइल ब्लास्ट होते ही मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार लाल सागर निवासी गोपाल सोनी (39) मंडोर कृषि मंडी क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान उनकी जेब में रखा मोबाइल अचानक बम की तरह फट गया। ब्लास्ट के बाद मोबाइल में आग लग गई और पैंट भी जलने लगी।
घटना से घबराए व्यापारी ने जलते हुए मोबाइल को जेब से निकालने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान उनके हाथ की अंगुलियां भी बुरी तरह झुलस गईं। आग लगने से घुटने के ऊपर का हिस्सा भी गंभीर रूप से जल गया।
पहले सैटेलाइट अस्पताल, फिर एमजीएच रेफर
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने व्यापारी को मंडोर स्थित सैटेलाइट अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए मंगलवार सुबह महात्मा गांधी अस्पताल रेफर किया गया।
अस्पताल में प्लास्टिक सर्जन डॉ. राजेश गालवा की निगरानी में उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार व्यापारी के पैर और हाथ में गंभीर जलन की चोटें आई हैं।
मोबाइल की गुणवत्ता पर उठे सवाल
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मोबाइल एक चाइनीज कंपनी का बताया जा रहा है। हालांकि विस्फोट के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद मोबाइल बैटरी की सुरक्षा और निम्न गुणवत्ता वाले उपकरणों के उपयोग को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
