

शहीद भरत भूषण तिवारी को न्याय दिलाने के लिए लगी महापंचायत में उमड़ा जनसैलाब
बिलौटी गांव में हर बिहारी,भरत तिवारी के नारे गूंजे
जनसुराज नेताओं ने भ्रष्ट सिस्टम को उखाड़ फेंकने का किया शंखनाद
बिलौटी भोजपुर से नरेन्द्र झा।
शहीद भरत भूषण तिवारी के पैतृक गांव बिलौटी, भोजपुर जिले में आयोजित महापंचायत सह श्रद्धांजलि सभा में चंपारण ही नहीं, विभिन्न राज्यों से लाखों की संख्या में लोग पहुंचे। मोतिहारी से जनसुराज विचार मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष राजन द्विवेदी, उपाध्यक्ष नरेन्द्र झा, जनसुराज पूर्वी चंपारण के जिला महामंत्री अभय शर्मा, जिला कार्यालय प्रभारी रविश कुमार मिश्र सहित कई लोगों ने सभा में हिस्सा लिया। सभा में पहुंचे सभी लोगों ने “न्याय दो, न्याय दो” के नारे के साथ शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।
जनसुराज नेताओं ने किया भ्रष्टाचार पर हमला
प्रदेश उपाध्यक्ष राजन द्विवेदी ने कहा कि बिहार सरकार के भ्रष्ट सिस्टम को उखाड़ फेंकने के लिए आज बिलौटी से शंखनाद किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार सरकार, भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे प्रशासनिक सिस्टम और भ्रष्ट पुलिस प्रशासन एक साथ मिलकर भरत भूषण तिवारी की हत्या की है। श्री द्विवेदी ने कहा कि शहीद भरत भूषण तिवारी के परिवार को सही न्याय ही नहीं, पूरे बिहार को इसके माध्यम से न्याय मिलनी चाहिए। सभा में वक्ताओं ने सिस्टम में व्याप्त भ्रष्टाचार को खत्म करने का संकल्प लिया।
“हर बिहारी अब भरत तिवारी है”
सभा को संबोधित करते हुए राजन द्विवेदी ने कहा कि अब हर बिहारी शहीद भरत भूषण तिवारी है। सभी चंपारणवासी भरत तिवारी हैं और हर यूपी-झारखंड वासी भी भरत तिवारी है। उन्होंने कहा कि शहीद की लड़ाई अब पूरे राज्य की लड़ाई बन गई है। महापंचायत में उमड़ी भीड़ ने इस बात का संकेत दिया कि जनता न्याय की मांग को लेकर एकजुट है। श्रद्धांजलि सभा में शहीद के परिवारजनों को सांत्वना देते हुए न्याय दिलाने का संकल्प दोहराया गया।
